मॉडल टाउन से छिजारसी जाने वाला रास्ता बंद

नोएडा। मॉडल टाउन गोलचक्कर पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रविवार से नई व्यवस्था लागू की है। सेक्टर-59 व 62 की ओर से वाहन मॉडल टाउन गोलचक्कर होकर सेक्टर-63 के रास्ते छिजारसी की ओर नहीं जा सकेंगे। गोलचक्कर पर बने यू-टर्न को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अब वाहन चालकों को गोलचक्कर से बायीं ओर मुड़कर शिप्रा के नजदीक बने अंडरपास से यू-टर्न लेकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से होते हुए सीआईएसएफ कैंप की तरफ बने यू-टर्न का इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा मॉडल टाउन अंडरपास से होकर भी इसी यू-टर्न का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस नई व्यवस्था से वाहन चालकों को एक किलोमीटर से अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

दरअसल, सेक्टर-62 मॉडल टाउन का क्षेत्र दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में प्रवेश व निकास का प्वाइंट है। इस रास्ते पर नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बरेली समेत अन्य शहरों के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों का दबाव बना रहता है। मेट्रो के कारण भी लोगों को आना जाना लगा रहता है। यहां ऑटो चालकों का भी पूरे दिन जमावड़ा लगा रहता है। इससे अक्सर जाम लगा रहता है। नोएडा ट्रैफिक विभाग ने इस समस्या का हल तलाशने के लिए मॉडल टाउन चौकी के समीप बने यू-टर्न को अस्थायी रुप से बेरिकेड लगाकर बंद कर दिया है।

कुछ दिन पहले दी थी टीएसआई को जिम्मेदारी

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कुछ दिनों पहले जिले में कुल सात भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां जाम मुक्त करने के लिए ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) व उनकी टीम को जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन क्षेत्र में भीड़भाड़ के अलावा वाहनों के दबाव को नियंत्रित नहीं किया जा सका। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने इस यू-टर्न को बंद कर दिया।

टिप्पणियाँ